मीडिया को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कानूनी मान्यता दिलाने और पर्यावरण संरक्षण में पत्रकारिता की भूमिका पर होगी राष्ट्रीय संगोष्ठी गोवर्धन यदु

0
*नई दिल्ली में 26-27 नवंबर को होगा राष्ट्रीय मीडिया एवं पर्यावरण पत्रकारिता कार्यक्रम, छत्तीसगढ़ से संतोष कुमार यदु होंगे
गोवर्धन यदु
तिल्दा-नेवरा। राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (RPM) के तत्वावधान में 26 एवं 27 नवंबर 2026 को देश की राजधानी नई दिल्ली में राष्ट्रीय मीडिया एवं पर्यावरण पत्रकारिता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन में देशभर के पत्रकारों, संपादकों, प्रकाशकों, मीडिया संगठनों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरणविदों की सहभागिता रहेगी। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ से भी पत्रकार शामिल होंगे। राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के रायपुर संयोजक एवं खोज खबर छत्तीसगढ़ न्यूज के संपादक संतोष कुमार यदु छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (RPM) द्वारा किया जा रहा है। इसमें इंडियन फेडरेशन ऑफ स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर्स (IFSMN), नेशनल मीडिया कॉन्फेडरेशन (NMC) एवं नेचर केयर (Nature Care) सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हैं।

26 नवंबर को मीडिया को चौथे स्तंभ की मान्यता दिलाने पर होगी राष्ट्रीय संगोष्ठी

कार्यक्रम के प्रथम दिवस गुरुवार 26 नवंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक INC, रफी मार्ग, नई दिल्ली में राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी। संगोष्ठी का मुख्य विषय "भारतीय लोकतंत्र में मीडिया को चौथे स्तंभ के रूप में मान्यता प्रदान करने हेतु केंद्रीय कानून का निर्माण" रखा गया है।

इस संगोष्ठी में मीडिया को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में औपचारिक मान्यता एवं संरक्षण प्रदान करने के लिए संसद द्वारा केंद्रीय कानून बनाए जाने की आवश्यकता पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें देशभर से पहुंचे मीडिया प्रतिनिधि अपने विचार एवं सुझाव रखेंगे।

इसके पश्चात दोपहर 3 बजे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को इस संबंध में ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं शाम 4 से 6 बजे तक भारतीय प्रेस परिषद (PCI), प्रेस रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (PRGI), केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) एवं प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के प्रमुख पदाधिकारियों से प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य भेंट प्रस्तावित है।

27 नवंबर को पर्यावरण पत्रकारिता पर होगी राष्ट्रीय संगोष्ठी

कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार 27 नवंबर को नेचर केयर (Nature Care), नई दिल्ली द्वारा राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (RPM) के सहयोग से पर्यावरण पत्रकारिता पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसका विषय "पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास में मीडिया की भूमिका" रखा गया है।

यह आयोजन कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, रफी मार्ग, नई दिल्ली के उपाध्यक्ष सभागार (Deputy Speaker Hall) में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा।

इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, जनजागरूकता और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में मीडिया की भूमिका एवं जिम्मेदारियों पर विशेषज्ञों, पर्यावरणविदों और पत्रकारों के बीच संवाद होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों एवं मीडिया जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिनिधियों को सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।

द कलिंग क्रॉनिकल का 14वां स्थापना दिवस भी मनाया जाएगा

इसी दिन शाम 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक भुवनेश्वर, ओडिशा से प्रकाशित अंग्रेजी दैनिक समाचार पत्र द कलिंग क्रॉनिकल (THE KALINGA CHRONICLE) का 14वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित होगा। समारोह में मीडिया जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों एवं गणमान्य अतिथियों का संबोधन होगा। पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके पश्चात रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ से संतोष कुमार यदु करेंगे प्रतिनिधित्व

इस राष्ट्रीय आयोजन में छत्तीसगढ़ से पत्रकारों की सहभागिता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के रायपुर संयोजक एवं खोज खबर छत्तीसगढ़ न्यूज के संपादक संतोष कुमार यदु भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके शामिल होने से छत्तीसगढ़ की पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों, क्षेत्रीय मीडिया की चुनौतियों तथा छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों और डिजिटल मीडिया के हितों को राष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पवित्र मोहन सामंतराय ने देशभर के मीडिया संगठनों, पत्रकारों, संपादकों, प्रकाशकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरणविदों से इन दोनों राष्ट्रीय कार्यक्रमों में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने तथा सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वतंत्रता को सशक्त बनाने, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को संस्थागत पहचान दिलाने, जिम्मेदार पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए सभी मीडिया संगठनों को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।

दो दिवसीय यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारिता की चुनौतियों, मीडिया की स्वतंत्रता, छोटे एवं मध्यम समाचार पत्रों के अधिकारों तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Share this article

Show comments