दुधावा तालाब गहरीकरण कार्य जन सहयोग से हो रहा है - अरुण कौशिक
कांकेर। नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक ने कांग्रेस पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि दुधावा तालाब का गहरीकरण कार्य पूरी तरह से जन सहयोग से हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के विकास कार्यों में भी घोटाला देखने का प्रयास कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि तालाब गहरीकरण कार्य में किसी भी प्रकार का घोटाला नहीं हो रहा है।
अरुण कौशिक ने बताया कि गहरीकरण के लिए उपयोग में लाई जा रही सभी मशीनें जन सहयोग से लगाई गई हैं। इस कार्य में शहर के वे लोग सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं, जो इसके विकास के लिए चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा जिन टेंडरों का उल्लेख किया जा रहा है, वे तालाब गहरीकरण से संबंधित नहीं हैं। ये टेंडर तो तालाब के सौंदर्यीकरण, विद्युत पोल और वृक्षारोपण कार्यों के लिए मंगाए गए हैं, जिनकी प्रक्रिया अभी प्रारंभ नहीं हुई है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय कांग्रेस सस्ती लोकप्रियता के लिए झूठे आरोप लगाकर भाजपा सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को शहर के विकास से कोई लेना-देना नहीं है और आजादी के बाद से नगर पालिका पर कांग्रेस का ही कब्जा रहा है, लेकिन कांग्रेस ने शहर का कोई ठोस विकास नहीं किया।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार के प्रमाण मिलते हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के दौरान भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने वाले पत्रकारों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई थीं और कांग्रेस नेताओं द्वारा धमकियां भी दी जाती थीं। ऐसे में कांग्रेस जैसी पार्टी को भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाना शोभा नहीं देता।
0 Comments
Post a Comment