छत्तीसगढ़ के 8 युवाओं ने नेशनल यूथ फेस्टिवल में बिखेरा संस्कृति का रंग, शिल्पा साहू के नेतृत्व में पेश की एकता की मिसाल

0


पिंपरी (महाराष्ट्र), 15-18 सितंबर 2025। महाराष्ट्र के पिंपरी जिले में आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल में छत्तीसगढ़ के 8 युवाओं ने भाग लेकर अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और विरासत का अद्भुत प्रदर्शन किया। यह आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास और भारत की एकता को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संपन्न हुआ।


छत्तीसगढ़ से पहुंचे दल का नेतृत्व जनपद सदस्य शिल्पा साहू (ज.प. नरहरपुर) ने किया। इस फेस्टिवल में देशभर के 22 राज्यों से लगभग 300 प्रतिभागियों ने शिरकत की।


कार्यक्रम की सबसे खास पहल रही कि सभी राज्यों से आए युवाओं ने अपने-अपने प्रदेश की मिट्टी और पानी लाकर महाराष्ट्र की धरती पर पौधारोपण किया। इस अनोखी परंपरा ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता का मजबूत संदेश दिया।


शिल्पा साहू ने अपने विचार साझा करते हुए कहा—

“ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा और अनुभव प्रदान करते हैं। जो बच्चे कभी अपने राज्य से बाहर नहीं निकले थे, वे पूरे भारत को नजदीक से देखने और समझने का अवसर पाते हैं। एक साथ रहना, खाना और सीखना – यह अनुभव जीवनभर प्रेरणा देता है।”


छत्तीसगढ़ के युवाओं ने लोक नृत्य, गीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वहां उपस्थित दर्शकों को राज्य की लोकसंस्कृति से रूबरू कराया। इस फेस्टिवल ने युवाओं में संस्कृति, भाईचारा और सहयोग की भावना को और प्रगाढ़ किया।


यह आयोजन न केवल प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास का माध्यम बना, बल्कि भारत की विविधता में एकता की सशक्त मिसाल भी प्रस्तुत की।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment