जेपरा से तुड़गे तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर से मिले ग्रामीण
कांकेर। भानुप्रतापपुर ब्लॉक की अंतिम ग्राम पंचायत जेपरा से तुड़गे तक सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण की समस्या को लेकर आज ग्रामीण जिला मुख्यालय कांकेर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से लगातार मांग के बावजूद अब तक सड़क और पुल-पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया है।
NSUI विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र कड़ियाम ने बताया कि जेपरा से तुड़गे तक का कच्चा रास्ता बरसात के दिनों में कीचड़ और दलदल में बदल जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर विद्यार्थियों को बरसात में तुड़गे मिडिल एवं हाई स्कूल जाने में कठिनाई होती है, जिसके कारण वे करीब दो महीनों तक स्कूल नहीं जा पाते।
ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग से ही तहसील कार्यालय, अन्य जरूरी कामों और कॉलेज के लिए भी आवाजाही करनी पड़ती है, लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण छात्रों का भविष्य खतरे में है।
कड़ियाम ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष रूप से ग्रामीण इकबाल कड़ियाम, लच्छन नरेटी, नरेन्द्र कड़ियाम, अनिल नरेटी, विवेक कड़ियाम, पत्तीराम कुमेटी, कोमल गावड़े और आशीष उसेंडी उपस्थित रहे।



0 Comments
Post a Comment