हिंडालको माइन्स कंपनी की तानाशाही से परेशान ग्रामीण पहुंचे जिला कार्यालय,किया कार्यवाही की मांग।
बलरामपुर कुसमी,रिपोर्टर सादाब अंसारी
हिंडालको माइन्स कंपनी के तानाशाही रवैये से परेशान कुसमी विकासखंड के कंजिया ग्राम पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने मांग की है कि कंपनी की भारी वाहन चालान पर तत्काल रोक लगाई जाए और खराब हो चुकी सड़क की मरम्मत कराई जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उनके गांव से होकर एक सड़क बनाई गई थी, जो अब पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इसकी मुख्य वजह माइन्स कंपनी के भारी-भरकम वाहनों की लगातार आवाजाही है। कंपनी की गाड़ियां रोजाना सैकड़ों की संख्या में इस मार्ग से गुजरती हैं, जिससे सड़क टूट गई है और हर वक्त हादसे की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे माइन्स कंपनी के हौसले और भी बढ़ते जा रहे हैं।
थक-हार कर अब ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय का रुख किया है। उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि कंपनी की गाड़ियों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जाए और सड़क की मरम्मत कर ग्रामीणों को राहत दी जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल रहे।


0 Comments
Post a Comment