भानुप्रतापपुर परिवहन संघ चुनाव : सत्य पथ पैनल ने जारी किया घोषणा–पत्र
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ भानुप्रतापपुर से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*भानुप्रतापपुर*
आगामी 10 सितम्बर को होने वाले परिवहन संघ चुनाव को लेकर पैनलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सत्य पथ पैनल ने अपना घोषणा–पत्र जारी किया है। पैनल ने नारा दिया है – “घोषणा वही करेंगे, जो पूरा करेंगे”।
घोषणा–पत्र में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त संघ बनाने पर जोर दिया गया है। पैनल ने स्पष्ट किया कि संघ के आय–व्यय की पाई–पाई का हिसाब सार्वजनिक किया जायेगा तथा प्रत्येक गाड़ी का मासिक शुल्क 200 रुपये ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा के साथ लिया जायेगा।
पैनल ने यह भी कहा कि काम बढ़ने के बाद ही नई सदस्यता दी जाएगी और सदस्यता देने से पहले आम सभा में सार्वजनिक किया जाएगा। संघ की कार्यवाही को पारदर्शी बनाने हेतु प्रत्येक दो माह में आम सभा आयोजित करने की भी घोषणा की गई है।
सत्य पथ पैनल ने परिवहन संघ के सभी कार्यों को खुद करने, बिचौलियों को हटाने, खदानों के लिए निगरानी समिति गठित करने, जरूरतमंद सदस्यों को आर्थिक सहयोग देने और माइंस से समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने का वादा किया है। साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर की मांग शासन–प्रशासन से करने तथा संघ के संख्या पटल का डिजिटलीकरण करने का भी संकल्प लिया गया है।
*पैनल ने अंत में अपील की है कि “बरगद का पेड़ छाप पर मुहर लगाकर सत्य पथ पैनल के प्रत्याशियों को विजय श्री का आशीर्वाद दें।”*


0 Comments
Post a Comment