“जन सहयोग संस्था” ने संभाली स्वच्छता की कमान ,जनक नगर बस्ती में संघ शताब्दी वर्ष की तैयारी में जुटे समाजसेवी

0

कांकेर। नगर के सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाने वाली सुप्रसिद्ध संस्था “जन सहयोग” ने रविवार 12 अक्टूबर की सुबह संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जनक नगर बस्ती की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया। संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मिलकर कोमलदेव अस्पताल परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया।

अभियान की शुरुआत प्रातःकाल संस्था के अध्यक्ष अजय (पप्पू) मोटवानी के नेतृत्व में की गई। इस दौरान संजय कुंजाम, धर्मेंद्र देव, शैलेन्द्र देहारी, देवेंद्र ध्रुव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अस्पताल परिसर एवं आसपास की गलियों से कचरा, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री एकत्र की और कई ट्रॉली भरकर निर्धारित स्थल पर उसका निष्पादन किया गया।



संस्था के सदस्यों ने कहा कि “स्वच्छता केवल सफाई का कार्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और संस्कार का प्रतीक है।” उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि वे संघ शताब्दी वर्ष के इस पावन अवसर पर स्वच्छता एवं सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।


स्थानीय नागरिकों ने “जन सहयोग संस्था” की इस पहल की भरपूर सराहना की और कहा कि संस्था लगातार समाजहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा समय-समय पर रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों को सहायता, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।



इस मौके पर जन सहयोग संस्था के सदस्य अजय (पप्पू) मोटवानी ने बताया कि यह अभियान संघ शताब्दी वर्ष के आयोजन की तैयारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अन्य बस्तियों और सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे, ताकि कार्यक्रम स्थल पूरी तरह स्वच्छ और सुसज्जित हो।


गौरतलब है कि संघ का विजयदशमी उत्सव आगामी 14 अक्टूबर, सोमवार की शाम 5 बजे देवभूमि राजा पारा स्थित श्रीराम जानकी मैदान में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष श्री देवेंद्र जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में नगर के वरिष्ठ नागरिक, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होंगे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment