भानुप्रतापपुर दुर्गूकोदल क्षेत्र में अचानक हुई बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता, तैयार फसल पर मंडराया नुकसान का खतरा किसानों की नींद उड़ाई से मौसम बारिश ने
*TOP NEWS छत्तीसगढ़ भानुप्रतापपुर से संतोष बाजपेयी की रिपोर्ट*
*भानुप्रतापपुर*
भानुप्रतापपुर दुर्गूकोंदल अंचल में शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। भानुप्रतापपुर दुर्गूकोंदल क्षेत्र में यह बारिश रुक-रुक कर पूरे क्षेत्र में होती रही, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं खेतों में खड़ी फसलें तैयार अवस्था में हैं, ऐसे में इस बे-मौसम बारिश ने नुकसान की आशंका को बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 2 बजे के आसपास दुर्गूकोदल एवं आसपास के ग्रामों,में अचानक बादल घिर आए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर हुई इस वर्षा ने खेतों में पानी जमा कर दिया है। धान की फसल इस समय कटाई के लिए पूरी तरह तैयार है, और कई किसानों ने फसल की कटाई शुरू भी कर दी थी। ऐसे में बारिश से कटी हुई फसल भीग जाने का खतरा बढ़ गया है।
किसानों का कहना है कि इस समय की बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान धान की फसल को होगा। यदि आने वाले दिनों में मौसम साफ नहीं हुआ, तो फसल सड़ने की स्थिति बन सकती है। वहीं जिन खेतों में फसल अभी खड़ी है, वहां पौधों के गिरने और बालियों के काले पड़ने की संभावना भी जताई जा रही है। भानुप्रतापपुर क्षेत्र के किसान देवल सिंह ठाकुर,संजू क्रिशान,अकबर कोमरा एंव दुर्गूकोंदल क्षेत्र के किसान
धर्मसिंह मंडावी, प्रदीप कुमार मंडावी,लचछु राम नरेटी,ने बताया कि बीते कुछ दिनों से मौसम सामान्य था, जिससे किसानों ने कटाई की तैयारी कर ली थी। लेकिन अचानक हुए इस परिवर्तन ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का डर पैदा कर दिया है। लगातार भीगते खेतों और गीली मिट्टी के कारण कटाई का कार्य रोकना पड़ा है।
मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह अनियमित बारिश हो रही है, जो अगले 24 घंटों तक बनी रह सकती है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फिलहाल कटाई रोक दें और कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें।
दुर्गूकोदल भानुप्रतापपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में हुई इस बे-मौसम बारिश ने ग्रामीणों और किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें आसमान पर टिकी हैं कि कब बादल छंटेंगे और राहत मिलेगी।


0 Comments
Post a Comment