भानुप्रतापपुर कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष ने पार्षद पर लगाया गाली-गलौच और धमकी का आरोप, अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग
भानुप्रतापपुर। नगर पंचायत भानुप्रतापपुर में कांग्रेस पार्टी के “संगठन सृजन कार्यक्रम” के दौरान हुई एक घटना ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार धामेचा ने वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद पंकज वाधवानी पर सार्वजनिक रूप से गाली-गलौच और मारपीट की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 16 अक्टूबर 2025 को गोंडवाना भवन, भानुप्रतापपुर में आयोजित कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन कार्यक्रम के दौरान घटित हुई। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में आए अतिथियों और उपस्थित पार्षदों के बीच जब चर्चा चल रही थी, तभी भवन के बाहर पार्षद पंकज वाधवानी ने अत्यंत अमर्यादित व्यवहार करते हुए गाली-गलौच की और विजय धामेचा को मारपीट की धमकी दी।
नेता प्रतिपक्ष विजय धामेचा ने बताया कि श्री वाधवानी लगातार कांग्रेस पार्टी की नीतियों, विचारधारा और संगठनात्मक निर्णयों के विपरीत कार्य करते आ रहे हैं।
साथ ही, वे स्थानीय स्तर पर भाजपा की नीतियों का विरोध करने के बजाय उसके समर्थन में सार्वजनिक रूप से बयान देते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्षद द्वारा इस प्रकार का अपमानजनक आचरण सभी पार्षदों के मनोबल को तोड़ने और कांग्रेस संगठन की एकजुटता को कमजोर करने वाला है।
धामेचा ने प्रदेश एवं जिला कांग्रेस नेतृत्व से मांग की है कि इस गंभीर अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी कार्यशैली पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए तथा संबंधित पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के भीतर अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है
ताकि भविष्य में कोई जनप्रतिनिधि संगठन की नीति-रीति से भटककर पार्टी की छवि को नुकसान न पहुँचा सके।


0 Comments
Post a Comment