एनएसयूआई ने कोमलदेव जिला चिकित्सालय की अव्यवस्थाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन,चेताया आंदोलन की तैयारी

0
कांकेर। कोमलदेव जिला चिकित्सालय महाविद्यालय कांकेर में लगातार बढ़ रही अव्यवस्थाओं और आमजन को हो रही परेशानियों के विरोध में आज एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सुमित राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

एनएसयूआई ने ज्ञापन में बताया कि अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाव है —
एमआरआई मशीन पिछले 8 महीनों से बंद है क्योंकि स्टेपलाइज़र उपलब्ध नहीं है। पहले जहाँ हमर लैब में 114 प्रकार की जांचें होती थीं, अब केवल 31 जांचें ही की जा रही हैं। सोनोग्राफी के लिए मरीजों को 2 से 3 दिन तक का वेटिंग दिया जा रहा है, जबकि यहाँ चार रेडियोलॉजिस्ट मौजूद हैं।

सुमित राय ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और स्टाफ का कार्य समय सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक तय है, लेकिन कई डॉक्टर निर्धारित समय पर ओपीडी में उपस्थित नहीं रहते। वहीं, डायलिसिस के केवल 5 मशीनें होने से मरीजों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे हर वार्ड और पार्किंग में लगाए जाने तथा बंद कैमरों को चालू कराने की भी मांग की गई है।

एनएसयूआई ने यह भी आरोप लगाया कि कई संविदा डॉक्टर अपनी सेवा अवधि पूरी किए बिना ही निजी क्लीनिक या नर्सिंग होम खोल लेते हैं और मोटी फीस लेकर वहाँ कार्यरत हैं — इस पर रोक लगाने की मांग की गई है।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि —
“अगर तीन दिवस के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जिला चिकित्सालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।”

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी सरजू शोरी, राजेश भास्कर, लतीफ मेमन, विष्णु नेताम, सत्यार्थ करायत, जीशान अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment