गरिमामय समारोह में सड़क सुरक्षा माह 2026 का हुआ समापन
कांकेर। जिले में 37वें सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन समारोह शुक्रवार को न्यू कम्युनिटी हॉल कांकेर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन यातायात पुलिस कांकेर द्वारा किया गया।
समारोह का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भानुप्रतापपुर आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन एवं डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, डीएसपी (बस्तर फाइटर्स) के पर्यवेक्षण में किया गया। यातायात प्रभारी RI दीपक साव के नेतृत्व में माह भर चले सड़क सुरक्षा अभियान का औपचारिक समापन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम एवं कलेक्टर कांकेर निलेश कुमार क्षीरसागर रहे। विशेष अतिथि के रूप में मछुवा कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत छात्रा चाहत रजक द्वारा एकल गीत व नृत्य, नरहरदेव स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं सेंट माइकल स्कूल के छात्र आर्यन पाण्डेय द्वारा एकल नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिनका पुलिस विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर डीएसपी (मुख्यालय) सुश्री विंकेश्वरी पिंदे द्वारा सड़क सुरक्षा माह के दौरान संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा ने वर्ष 2025 में हुई सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित रील्स प्रतियोगिता में अन्तागढ़ के संजय बड़गा एवं टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹5000 की राशि व प्रशस्ति पत्र जीता। द्वितीय स्थान भानुप्रतापपुर के आशीष पुरोहित एवं टीम को ₹2000 तथा तृतीय स्थान तेलगरा चारामा के रितुराज साहू को ₹1000 की राशि व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। हिर्गरझर प्राथमिक शाला के बच्चों को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त नेक कार्य करने वाले नागरिकों, पुलिस मितान, समाजसेवियों, स्वास्थ्य विभाग, आरटीओ विभाग, महिला रक्षा टीम तथा यातायात सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र, हेलमेट एवं फर्स्ट एड किट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक सहित लगभग 500 लोग उपस्थित रहे।





0 Comments
Post a Comment