कांकेर: ग्राम मर्दापोटी में गांधी जी की पुण्यतिथि पर श्रमिकों का सम्मान, युवा कांग्रेस ने दिया श्रम की गरिमा का संदेश
कांकेर। जिले के ग्राम मर्दापोटी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला युवा कांग्रेस द्वारा एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांधी जी के श्रम की गरिमा, समानता और सेवा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए मनरेगा में कार्यरत मेहनतकश श्रमिकों का विशेष रूप से सम्मान किया गया।
जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने श्रमिकों का तिलक कर, श्रीफल एवं गमछा भेंट कर सम्मान किया। साथ ही श्रमिकों के चरण धोकर उनके परिश्रम के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में श्रम की महत्ता को रेखांकित करना तथा श्रमिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि श्रमिक समाज और राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। उनके परिश्रम के बिना किसी भी विकास की कल्पना संभव नहीं है। श्रमिकों के सम्मान से ही आत्मनिर्भर भारत और मजबूत समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान के लिए सतत प्रयास करना ही महात्मा गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से —
राजेश भास्कर (पूर्व मंडी अध्यक्ष व सरपंच),
रमेश गावड़े (पूर्व जनपद सदस्य),
आदर्श गुप्ता (जिला उपाध्यक्ष, युवा कांग्रेस),
शेष गजभिए (संगठन प्रशासन महामंत्री),
निरंजन लटिया (जिला महासचिव, युवा कांग्रेस),
नरसिंह तेता (जिला सचिव, युवा कांग्रेस),
जीशान अली (शहर अध्यक्ष, युवा कांग्रेस),
तथा दीपक तेता सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने संकल्प लिया कि युवा कांग्रेस भविष्य में भी श्रमिकों के सम्मान, अधिकारों और कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी तथा समाज में श्रम की गरिमा को स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।



0 Comments
Post a Comment