यूसीमास की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांकेर का परचम, लगातार तीसरे साल टॉप-5 में जगह..सौम्या ने लगातार दूसरे वर्ष दिखाया जौहर, रितिका और यशिका ने भी किया शहर का नाम रोशन

0


कांकेर।

रायपुर में आयोजित यूसीमास (UCMAS) की 12वीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांकेर के बच्चों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कांकेर सेंटर के तीन विद्यार्थियों ने मात्र 8 मिनट में गणित के 200 सवाल हल कर प्रदेशभर के करीब 2 हजार प्रतिभागियों के बीच तीसरा, चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया।


गौरतलब है कि यह लगातार तीसरा वर्ष है जब कांकेर यूसीमास सेंटर के विद्यार्थी टॉप-5 में स्थान बनाने में सफल रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 4 जनवरी को रायपुर में किया गया था, जिसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 5 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने भाग लिया।


प्रतियोगिता में कांकेर सेंटर की छात्रा सौम्या लोनहारे ने तीसरा स्थान, रितिका नेताम ने चौथा स्थान और यशिका नेताम ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थियों को यूसीमास के चेयरमैन द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में कांकेर मांझापारा सेंटर से कुल 15 विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी।


यूसीमास एक विशेष मानसिक गणित कार्यक्रम है, जिसमें बच्चों को बिना कैलकुलेटर और कागज-कलम के बड़े-बड़े अंकों को जोड़ने, घटाने और हल करने की विशेष तकनीक सिखाई जाती है। कांकेर का मांझापारा यूसीमास सेंटर, जो कि कायस्थ समाज भवन में पिछले तीन वर्षों से संचालित हो रहा है, लगातार उत्कृष्ट परिणाम दे रहा है।


सेंटर की संचालक निकिता श्रीवास्तव ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


83 देशों में संचालित है यूसीमास प्रोग्राम


यूसीमास प्रोग्राम विश्व के 83 देशों में संचालित है, जिसमें 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों के मस्तिष्क विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के बाद राष्ट्रीय और फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment