युवारत्न पुरस्कार से सम्मानित हुईं कांकेर की बेटी सुश्री शिल्पा साहू

0


कांकेर। बस्तर अंचल की बेटी सुश्री शिल्पा साहू को समाज सेवा, नारी सशक्तिकरण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में निरंतर किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए युवारत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के अंतर्गत उन्हें दो लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की गई। यह कांकेर जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण है, क्योंकि सुश्री शिल्पा साहू जिले की पहली महिला हैं जिन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुआ है।


बीते कई वर्षों से सुश्री शिल्पा साहू समाज के जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिला है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं अधिकारों को लेकर प्रभावी कार्य किया है। पीरियड्स अवेयरनेस के क्षेत्र में उनके योगदान को विशेष सराहना मिली है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उन्होंने मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक संकोच, भ्रांतियों और गलत धारणाओं को तोड़ने का कार्य किया, जिससे अनेक बालिकाओं की शिक्षा बाधित होने से बची और महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी निर्णयों में सकारात्मक बदलाव आया।


इसके साथ ही सुश्री शिल्पा साहू ने देश के विभिन्न राज्यों में भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया, जिससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिली। राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से किए गए उनके कार्यों को पूर्व में राज्य स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके सामाजिक समर्पण का प्रमाण है।


वर्तमान में वे कांकेर जिले से जनपद सदस्य के रूप में कार्यरत हैं, जहाँ वे शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं युवा सहभागिता जैसे मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। संगठनात्मक स्तर पर भी उनकी सक्रियता उल्लेखनीय है। वे छत्तीसगढ़ साहू समाज युवा प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष हैं तथा हाल ही में उन्हें प्रदेश कन्या शक्ति सहसंयोजक का दायित्व सौंपा गया है। इस भूमिका में वे प्रदेशभर में बालिकाओं और युवतियों के अधिकारों, नेतृत्व एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।


उनके प्रयासों से अनेक युवतियों को सामाजिक मंच, नेतृत्व के अवसर और आत्मविश्वास मिला है, जिससे वे स्वयं निर्णय लेने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने में सक्षम हो सकी हैं। युवारत्न पुरस्कार से सम्मानित होकर सुश्री शिल्पा साहू ने यह सिद्ध किया है कि निरंतर प्रयास, ईमानदारी और जमीनी कार्य से समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव है।


कांकेर जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में इस सम्मान को लेकर हर्ष और गर्व का माहौल है। आमजन को विश्वास है कि सुश्री शिल्पा साहू आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ समाज सेवा करते हुए जिले और राज्य का नाम रोशन करती रहेंगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment