असम की टीम ने ग्राम जैसाकर्रा में किया प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासों का निरीक्षण....कांकेर में आवास गुणवत्ता और मनरेगा अभिसरण की सराहना, असम में लागू करने पर हुई चर्चा

0

उत्तर बस्तर कांकेर।

छत्तीसगढ़ राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवासों की गुणवत्ता, प्रगति एवं क्रियान्वयन के अध्ययन के लिए असम राज्य से आए अधिकारियों की टीम ने विकासखंड चारामा अंतर्गत ग्राम पंचायत जैसाकर्रा का निरीक्षण किया।

असम से पहुंचे अधिकारियों की टीम में संयुक्त आयुक्त आवास श्री दुर्गावती नाथ, SEP, PMAY-G असम श्री रंजीत दास एवं श्री नीलोत्पल मिश्रा शामिल थे। वहीं राज्य कार्यालय से उपायुक्त PMAY-G श्री राजेंद्र पांडे एवं सहायक अभियंता मनरेगा श्री सोमकांत साहू भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान टीम ने योजना के अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, मजदूरी भुगतान, शौचालय निर्माण एवं आवास की गुणवत्ता की जानकारी ली।


जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेश मंडावी ने बताया कि टीम ने जिले में अभिसरण के तहत मनरेगा से समयबद्ध मजदूरी भुगतान एवं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण के साथ आवास निर्माण की गुणवत्ता की विशेष रूप से सराहना की। असम की टीम ने इस मॉडल को अपने राज्य में लागू करने को लेकर भी चर्चा की।

इस अवसर पर योजना के लाभार्थी श्री हिरामन सिंह, श्री सहदेव निषाद एवं श्रीमती दुलारीबाई निषाद उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से पक्का आवास मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment