पैर टूटने से लाचार बेसहारा बुजुर्ग की सेवा में आगे आया “जन-सहयोग”, मानवता की मिसाल पेश
कांकेर।
शहर के उदय नगर वार्ड में एक बेसहारा बुजुर्ग की दयनीय स्थिति की सूचना मिलते ही जन-सहयोग समाजसेवी संस्था मानवता की सेवा के लिए आगे आई। उदय नगर वार्ड के पार्षद द्वारा संस्था को जानकारी दी गई कि वार्ड में एक टूटे-फूटे मकान में एक बुजुर्ग अकेले रहते हैं, जिनका सड़क दुर्घटना में पैर टूट गया है। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण वे कई दिनों से बिना समुचित भोजन और इलाज के पड़े हुए थे।
बताया गया कि बुजुर्ग को यदि कोई भोजन दे देता तो वे खा लेते, अन्यथा कई-कई दिनों तक भूखे रहते थे। लगातार बिस्तर पर पड़े रहने से उनकी पीठ में घाव हो गया था और टूटे पैर में भी गंभीर ज़ख्म बन चुका था, जिसके तत्काल इलाज की आवश्यकता थी।
सूचना मिलते ही जन-सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर बुजुर्ग घनश्याम चंद्रवंशी से मुलाकात की और पूरी स्थिति का जायजा लिया। जानकारी में सामने आया कि घनश्याम चंद्रवंशी करीब 25 वर्ष पूर्व बिहार से कांकेर आए थे और मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। कुछ समय पहले एक अज्ञात लापरवाह वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी और फरार हो गया, जिसके बाद से उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
संस्था अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने प्रयास कर बिहार में रह रहे बुजुर्ग के रिश्तेदारों से संपर्क किया और उन्हें आश्वस्त किया कि संस्था एवं सरकारी-गैर सरकारी सहयोग से उनका पूरा इलाज कराया जाएगा। यदि वे बुजुर्ग को अपने साथ ले जाना चाहें तो आर्थिक सहयोग भी संस्था द्वारा दिया जाएगा और किसी प्रकार का खर्च नहीं उठाना पड़ेगा। रिश्तेदारों की सहमति के बाद आज बुजुर्ग को गर्म पानी से स्नान कराकर स्वच्छ वस्त्र पहनाए गए और स्थानीय कोमलदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों और समस्त स्टाफ ने भी सराहनीय सहयोग किया। डॉक्टरों के अनुसार बुजुर्ग को कुछ दिनों तक भर्ती रहना पड़ेगा, इस दौरान एक्स-रे, आवश्यक ऑपरेशन और प्लास्टर किया जाएगा। उचित इलाज से उनके पूरी तरह स्वस्थ होने की उम्मीद जताई गई है। इलाज के बाद जन-सहयोग संस्था द्वारा उन्हें उनके पैतृक गांव बिहार या रिश्तेदारों के पास पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस पुनीत सेवा कार्य में जन-सहयोग संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के साथ प्रवीण गुप्ता, करण नेताम, संजय कुंजाम, पंजाब कुमार, उदय नगर वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह ठाकुर, जयशंकर गुप्ता, लोकेश मेश्राम, धर्मेंद्र, मनोज श्रीवास, आशुतोष देव, अखिलेश साहू, विनोद वाल्मीकि सहित अस्पताल के डॉक्टर एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। इस मानवीय पहल की शहरभर में प्रशंसा की जा रही है।




0 Comments
Post a Comment