जन सहयोग ने मरणासन्न व्यक्ति को दी नई ज़िंदगी, समाजसेवा की मिसाल बना काँकेर
काँकेर।
काँकेर शहर और प्रदेश की लोकप्रिय समाजसेवी संस्था “जन सहयोग” ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए मरणासन्न अवस्था में पड़े एक व्यक्ति को समय पर सहायता कर नई ज़िंदगी दी।
संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी को सूचना मिली कि बरदेभाटा क्षेत्र में आरा मिल के पास एक टी-स्टॉल के समीप एक व्यक्ति कई दिनों से भूखा पड़ा है और बेहद कमजोर हालत में भीख मांगने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पप्पू मोटवानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने आसाराम नामक व्यक्ति को अत्यंत गंभीर और मरणासन्न अवस्था में पाया।
बताया गया कि आसाराम विश्रामपुरी क्षेत्र का रहने वाला है। टीम ने तुरंत उसे नहलाकर स्वच्छ वस्त्र पहनाए, पौष्टिक भोजन कराया और प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई। इस सेवा के बाद उसकी हालत में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। फिलहाल उसकी चिकित्सा जारी है और पूर्ण रूप से स्वस्थ होने पर उसके गांव-घर का पता लगाकर परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जाएगी।
इस पुण्य कार्य में आरबीएस बघेल (उद्यानिकी विभाग), अखिलेश साहू, राम पटेल, आशुतोष देव, करण नेताम, नोहर यादव, राकेश नाग, मोहन साहू, पप्पू सेन सहित कई वरिष्ठ समाजसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। क्षेत्रवासियों ने “जन सहयोग” और पप्पू मोटवानी की टीम की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती, तो आसाराम की जान बच पाना मुश्किल था।
यह सेवा कार्य न केवल मानवता की मिसाल बना, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता का संदेश भी देकर गया।



0 Comments
Post a Comment