कांकेर में अवैध रेत उत्खनन का खेल जारी,माइनिंग विभाग पर उठे है सवाल

0


कांकेर जिले में अवैध रेत उत्खनन का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। खनिज विभाग की आंखों के सामने रेत की तस्करी खुलेआम जारी है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार नगर से लगे कोदाभाट ग्राम पंचायत क्षेत्र में नदियों से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। खासतौर पर हटकुल नदी, मकड़ी नदी और मनकेसरी नदी से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर रेत निकाले जाने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोजाना करीब 100 ट्रैक्टर रेत का परिवहन हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध उत्खनन से नदियों का जलस्तर प्रभावित हो रहा है और पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। बावजूद इसके खनिज विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

सूत्रों के अनुसार यह सारा खेल कथित मिलीभगत से संचालित हो रहा है। देर रात और सुबह तड़के ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का परिवहन किया जा रहा है। इससे शासन को राजस्व की हानि तो हो ही रही है, साथ ही भविष्य में नदी तटों के कटाव और भूजल स्तर गिरने का खतरा भी बढ़ रहा है।

अब देखना यह होगा कि समाचार प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन और खनिज विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं। क्या अवैध उत्खनन पर रोक लगेगी या फिर यह कारोबार यूं ही चलता रहेगा?

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment