कांकेर में चोरी के मामले का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर बरामद
कांकेर। थाना सिटी कोतवाली कांकेर पुलिस ने चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी से संबंधित सामान बरामद किया है। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महादेव वार्ड निवासी शहनाज रिजवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 14 वर्षीय नाबालिग पुत्र मोहल्ले के कुछ नशेड़ी युवकों के संपर्क में आ गया था। युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर घूमने-फिरने और खर्च के लिए घर से चोरी करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद नाबालिग ने बीते लगभग दो महीनों के दौरान घर के लॉकर से सोने-चांदी के जेवरात और करीब 1 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए।
चोरी गए सामान में सोने की झुमकी, टाप्स, चैन-लॉकेट, अंगूठियां, मंगलसूत्र, नाक की फुल्ली सहित चांदी के पायल, बिछिया और अन्य आभूषण शामिल थे। मामले में थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत धारा 303(2), 112(2) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी दिलीप वलेचा, योगेश सोनी उर्फ बाबू सोनी, खिलेन्द्र देवागंन और राहुल संचेती को गिरफ्तार किया। आरोपियों से चोरी की 1 सोने की झुमकी तथा 2 सोने की अंगूठियां बरामद की गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी दानिश अडवानी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोरथ जोशी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि अपराध नियंत्रण में पुलिस और जनता की साझी जिम्मेदारी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


0 Comments
Post a Comment