छत्तीसगढ़ी रैप जगत को बड़ा झटका, लोकप्रिय रैपर एप्पी राजा का निधन, आज भानुप्रतापपुर में होगा अंतिम संस्कार
भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ी संगीत जगत के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। प्रदेश के लोकप्रिय रैपर और सिंगर एप्पी राजा (चेतन चांडक) का सोमवार को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका उपचार एम्स में चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे छत्तीसगढ़ सहित देशभर में मौजूद उनके प्रशंसकों, संगीत प्रेमियों और शुभचिंतकों में गहरा शोक व्याप्त हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब छह माह पहले एप्पी राजा की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जाता है कि एक ऑपरेशन के बाद उनके शरीर में रक्त की कमी हो गई थी। लगातार हीमोग्लोबिन स्तर गिरने के कारण उन्हें अत्यधिक कमजोरी, चक्कर आना और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी था तथा समय-समय पर उन्हें रक्त भी चढ़ाया जा रहा था, लेकिन आखिरकार वे जिंदगी की जंग हार गए।
बस्तर संभाग के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर निवासी एप्पी राजा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाई थी। बचपन से ही संगीत और रैप लेखन में रुचि रखने वाले एप्पी राजा ने आर्थिक संघर्षों के बावजूद अपने सपनों को नहीं छोड़ा। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें कुछ समय तक गुजरात के सूरत शहर में नौकरी भी करनी पड़ी, लेकिन संगीत के प्रति उनका जुनून उन्हें दोबारा अपने पसंदीदा क्षेत्र में वापस ले आया।
एप्पी राजा को सबसे बड़ी पहचान उनके सुपरहिट रैप गीत "टूरा भोको लोलो" से मिली थी। यह गीत रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इसके बाद उन्होंने लगातार कई चर्चित गीत दिए और छत्तीसगढ़ी संगीत जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।
उनके लोकप्रिय गीतों में "आ जा रे टुरी तोला रसगुल्ला खवाहूं", "छत्तीसगढ़ एंथम", "चो चो हस" सहित कई अन्य रचनाएं शामिल हैं। उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तथा महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह पर भी प्रेरणादायक रैप गीत तैयार किए थे, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा था।
सोशल मीडिया पर भी एप्पी राजा की बड़ी लोकप्रियता थी। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 1.98 लाख फॉलोअर्स थे, जबकि उनके यूट्यूब चैनल पर करीब 5.95 लाख सब्सक्राइबर्स जुड़े हुए थे। उनके गीतों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके यूट्यूब चैनल पर अब तक 13 करोड़ 24 लाख से अधिक व्यूज प्राप्त हो चुके हैं।
एप्पी राजा के असमय निधन से छत्तीसगढ़ी संगीत जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनके प्रशंसक, कलाकार साथी और शुभचिंतक सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। आज मंगलवार को उनके गृह नगर भानुप्रतापपुर में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें।

0 Comments
Post a Comment