कांकेर–नारायणपुर बॉर्डर पर बड़ा नक्सली डंप बरामद, 2 रायफल, लैपटॉप, टैबलेट समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त
कांकेर। कांकेर–नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बीडीएस, डीआरजी और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आलपरस–गुमचुर के जंगल-पहाड़ी इलाके में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया एक बड़ा नक्सली डंप बरामद किया है। डंप से 2 नग .303 रायफल, जिंदा कारतूस, लैपटॉप, टैबलेट, वायरलेस उपकरण, नक्सली वर्दी सहित भारी मात्रा में अन्य सामग्री जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में 11 जुलाई को नियमित सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान जवानों को जमीन के नीचे संदिग्ध सामग्री छिपाए जाने की आशंका हुई। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली गई, जिसमें जमीन में गाड़कर रखा गया नक्सली डंप बरामद हुआ। 12 जुलाई को खुदाई कर डंप से हथियार, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा ने बताया कि डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम सीमावर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रही है। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य उपयोगी सामग्री को बरामद कर उनके मंसूबों को बड़ा झटका दिया है।
बरामद सामग्री में 2 नग .303 रायफल, 32 राउंड जिंदा कारतूस, 1 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 3 वायरलेस बैटरियां, 1 रेडियो सेट, 2 नक्सली वर्दी, 5 पाउच, 2 चार्जर, 1 सामान्य बैटरी तथा नक्सली साहित्य सहित अन्य सामग्री शामिल है।
इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व बीएसएफ के एसी अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उपनिरीक्षक नवीन प्रकाश, सौरभ यादव तथा डीआरजी टीम कमांडर सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र नेताम ने किया।
पुलिस ने बताया कि कांकेर–नारायणपुर सीमा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा बलों का उद्देश्य नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, हथियारों और अन्य संसाधनों को जब्त करना तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।

0 Comments
Post a Comment