हर पौधा - हरित भविष्य की ओर एक कदम" : नेवरा विद्यालय में अग्रवाल महिला मंडल ने किया वृहद वृक्षारोपण

0
 गोवर्धन यदु
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत आम, नीम, जामुन सहित 100 से अधिक पौधे रोपित

तिल्दा नेवरा। पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ भविष्य देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय अग्रवाल महिला मंडल, तिल्दा-नेवरा इकाई द्वारा स्थानीय बद्रीनारायण बगड़िया शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरा में "हर पौधा - हरित भविष्य की ओर एक कदम" वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

अध्यक्ष नीलम अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती नीलम अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर मंडल की वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्याएं मंजू अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, मधु अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, संयुक्ता अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, वर्षा अग्रवाल, पुष्पा अग्रवाल ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में नगर पालिका तिल्दा-नेवरा की वार्ड पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री नरेंद्र शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

छात्र-शिक्षकों के साथ मिलकर रोपे छायादार एवं फलदार पौधे
विद्यालय के एनसी प्रभारी नारायण साहू, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी नरेंद्र रातरे, स्काउट गाइड प्रभारी सुरेश कुमार टंडन, इको क्लब प्रभारी कुसुम नाग सहित शिक्षकगण तूकेंद्र प्रसाद वर्मा, नीतू वर्मा, खिलेश्वरी यदु, सविता वर्मा एवं समस्त स्टाफ व विद्यार्थियों ने मिलकर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया।

इस दौरान आम, नीम, मीठा नीम जैसे छायादार, अमरुद, जामुन जैसे फलदार एवं तुलसी, गिलोय सहित कई औषधीय पौधों का रोपण किया गया। महिला मंडल की ओर से पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने का भी संकल्प लिया गया।

विद्यार्थियों को दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि किस प्रकार वृक्ष जलवायु संतुलन, ऑक्सीजन उत्पादन और जैव विविधता बनाए रखने में सहायक होते हैं।

पार्षद श्रीमती रानी सौरभ जैन ने कहा कि _"सरकार के 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवनकाल में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए।"_ 

शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री नरेंद्र शर्मा ने बच्चों से आह्वान किया कि _"आज लगाए गए पौधों को अपने छोटे भाई-बहन की तरह मानकर उनकी रक्षा करें। पर्यावरण बचाना ही जीवन बचाना है।"_

"वृक्ष है तो भविष्य है" - नीलम अग्रवाल
अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती नीलम अग्रवाल ने कहा कि _"हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं है, बल्कि उन्हें बड़ा पेड़ बनाना है। आज का यह एक पौधा कल स्वच्छ हवा, शुद्ध पानी और हरित पर्यावरण का प्रतीक बनेगा। महिला मंडल आगे भी ऐसे सामाजिक कार्य करता रहेगा।"_

मंडल की अन्य सदस्यों ने भी विद्यालय परिवार से अपील की कि लगाए गए पौधों में नियमित पानी दिया जाए और उनकी देखभाल की जाए।

देशभक्ति के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर "हरा भारत - स्वस्थ भारत, वृक्ष है तो भविष्य है, पेड़ लगाओ भविष्य संवारो, पेड़ लगाओ - धरती बचाओ" के नारों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चंदानी ने अग्रवाल महिला मंडल की नेवरा इकाई, अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।

इस पहल के माध्यम से अग्रवाल महिला मंडल नेवरा-तिल्दा ने समाज को "पर्यावरण संरक्षण ही जीवन रक्षा है" का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

-

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment