कांकेर में चोरों के हौसले बुलंद, शीतला माता मंदिर से लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
कांकेर। शहर के मध्य स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में गुरुवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर माता रानी को अर्पित लाखों रुपये मूल्य के मुकुट, आभूषण एवं अन्य कीमती चढ़ावे पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश एवं चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर में रखी दान पेटी से हजारों रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गए। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नई साड़ियां तथा अन्य पूजा सामग्री भी चोरी कर ली गई। चोरी की इस वारदात से मंदिर समिति और स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
गौरतलब है कि यह मंदिर जिला कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। प्रशासनिक और पुलिस कार्यालयों के इतने समीप स्थित धार्मिक स्थल में हुई इस बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

0 Comments
Post a Comment