नकटी न्याय पदयात्रा में शामिल हुईं विधायक सावित्री मनोज मंडावी, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा

0

भानुप्रतापपुर। पीड़ित परिवारों के सम्मान, अधिकार और न्याय की मांग को लेकर आयोजित "नकटी न्याय पदयात्रा" में सोमवार को भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मनोज मंडावी शामिल हुईं। उन्होंने नकटी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और न्याय की इस लड़ाई में हर स्तर पर उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। इस पदयात्रा का उद्देश्य पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाना है।
विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने और न्याय प्राप्त करने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है तथा न्याय में अनावश्यक विलंब, पीड़ितों के साथ अन्याय के समान है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि नकटी न्याय पदयात्रा नकटी गांव से प्रारंभहोकर राजभवन तक पहुंचेगी, जहां प्रतिनिधिमंडल महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग करेगा।

विधायक ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक आंदोलन नहीं, बल्कि न्याय, संवेदना और संविधान में आस्था का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनकी आवाज लगातार बुलंद की जाती रहेगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद फुलोदेवी नेताम, पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राणलहरे, सरायपाली विधायक चातुरीनंद, धमतरी विधायक ओंकार सिंह साहू, लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार, पूर्व विधायक अनिता शर्मा तथा पूर्व महापौर प्रमोद दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी पदयात्रा में शामिल हुए।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment