कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर नक्सलियों का बड़ा डम्प ध्वस्त, हथियार, विस्फोटक और IED सहित भारी मात्रा में सामग्री बरामदकोयलीबेड़ा (कांकेर)

0

कोयलीबेड़ा (कांकेर)। कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ग्राम हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका के बीच स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों के एक बड़े डम्प का पता लगाकर हथियार, गोला-बारूद, IED और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्री नारायण मीणा, बीएसएफ डीआईजी दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा तथा 40वीं वाहिनी बीएसएफ के प्रभारी सेनानी नरेंद्र शर्मा के निर्देशन में डीआरजी, बीएसएफ एवं बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को हेटारकसा, पल्लाहूर और जपमारका के मध्य जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में चलाए गए सघन सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों का यह डम्प बरामद हुआ। बरामद सामग्री में एक .303 रायफल (मैगजीन सहित), एक बीजीएल लॉन्चर, .303 रायफल के 4 राउंड, AK-47 के 30 राउंड, एसएलआर के 4 राउंड, 10 बीजीएल सेल, लगभग 3 किलोग्राम वजनी एक टिफिन IED, 2 पाइप बम तथा अन्य नक्सली उपयोग की सामग्री शामिल है।

सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीम ने मौके पर ही टिफिन IED, पाइप बम और बीजीएल सेल को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री से स्पष्ट है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे, जिसे सुरक्षा बलों ने समय रहते विफल कर दिया।

इस संयुक्त अभियान में 40वीं वाहिनी बीएसएफ के एसी अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ के इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उप निरीक्षक गंगा राम, उप निरीक्षक रजत जेफ, उप निरीक्षक रोशन लाल मीणा तथा डीआरजी टीम कमांडर प्रधान आरक्षक राम कृष्ण यादव सहित डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस के जवान शामिल रहे।

कांकेर पुलिस ने बताया कि नक्सल प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सघन सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment