धमतरी की नई एसपी भावना पांडेय का बड़ा एक्शन प्लान जीरो टॉलरेंस नीति पर चलेगी पुलिस, अपराध और नशे के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
धमतरी। धमतरी जिले की नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों और थाना प्रभारियों की पहली समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट कर दिया कि धमतरी पुलिस अब अनुशासन, ईमानदारी, त्वरित कार्रवाई और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध, नशा और सभी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जाएगा तथा कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समय की पाबंदी का पालन करने, साफ-सुथरी वर्दी पहनने, शालीन व्यवहार बनाए रखने और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने तथा लापरवाही या अनुशासनहीनता बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक ने जिले में नशे के कारोबार, जुआ, सट्टा, अवैध शराब, चाकूबाजी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें और अपराधियों में कानून का भय बना रहे। इसके अलावा होटल, लॉज, ढाबों, बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच करने तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।
एसपी भावना पांडेय ने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष निराकरण किया जाए। उन्होंने आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के भी निर्देश दिए।
पहली ही समीक्षा बैठक में दिए गए इन स्पष्ट निर्देशों से संकेत मिल रहे हैं कि धमतरी जिले में आने वाले दिनों में नशे, अवैध कारोबार और संगठित अपराध के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाया जाएगा।

0 Comments
Post a Comment