जनदर्शन में विधायक ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
कांकेर। आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विधायक आशाराम नेताम ने अपने जनसंपर्क कार्यालय बेवरती में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान शहर के विभिन्न वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें विधायक के समक्ष रखीं।
जनदर्शन में नागरिकों ने सड़क मरम्मत, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण, राजस्व प्रकरण, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन सहित अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपे। वहीं कई महिलाओं ने स्व-सहायता समूहों से संबंधित मुद्दों तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी अपनी बातें रखीं।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही विभागवार वर्गीकरण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विधायक आशाराम नेताम ने अधिकारियों से कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए 15 दिनों के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
इस अवसर पर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहे। जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में पहुंचे नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जबकि अब एक ही स्थान पर उनकी सुनवाई हो रही है और संबंधित विभागों तक उनकी शिकायतें तत्काल पहुंचाई जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

0 Comments
Post a Comment