शामतरा में जर्जर आंगनबाड़ी भवन और स्वास्थ्य केंद्र बने चिंता का विषय, ग्रामीणों ने की तत्काल नए भवन निर्माण की मांग

0

कांकेर। कांकेर जिले की सरोना तहसील अंतर्गत ग्राम शामतरा में आंगनबाड़ी भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर स्थिति ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। वर्षों से दोनों भवनों की मरम्मत और नए भवन के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों के अनुसार आंगनबाड़ी भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और छत भी काफी कमजोर हो गई है। बरसात के मौसम में भवन की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। ऐसे हालात में प्रतिदिन आंगनबाड़ी पहुंचने वाले मासूम बच्चों और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि वे बच्चों को आंगनबाड़ी भेजते समय हमेशा किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित रहते हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते नए भवन का निर्माण या आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्राम का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी बदहाल स्थिति में पहुंच चुका है। भवन जर्जर होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को इलाज के लिए दूसरे गांवों या दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र का भवन दुरुस्त किया जाए या नया भवन बनाया जाए तो गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से कई बार संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन देकर आंगनबाड़ी भवन एवं स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण या मरम्मत की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं, लेकिन धरातल पर कोई कार्य शुरू नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि दोनों भवनों का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए और किसी संभावित दुर्घटना से पहले नए भवन के निर्माण अथवा आवश्यक मरम्मत की तत्काल स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि मासूम बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment