शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक-पुष्प से स्वागत, छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिलें
नरहरपुर। मुख्यमंत्री निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत पीएमश्री शासकीय आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, नरहरपुर में साइकिल वितरण कार्यक्रम एवं शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई, वहीं विद्यालय में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक एवं पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत नरहरपुर के अध्यक्ष सोमन कावड़े ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा वे आत्मविश्वास के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी। साथ ही उन्होंने शासन की विभिन्न शिक्षा योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र विद्यार्थी तक पहुँचाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष भास्कर एवं जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पीएमश्री आत्मानंद विद्यालय आधुनिक शिक्षा, उत्कृष्ट शिक्षण व्यवस्था तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं कठिन परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा उनकी शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शाला प्रवेशोत्सव एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।

0 Comments
Post a Comment