स्वर्गीय मलय दुबे की स्मृति में हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

0

भानुप्रतापपुर। प्राथमिक शाला कराठी में वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजकुमार दुबे के पुत्र स्वर्गीय मलय दुबे की जयंती के अवसर पर उनकी स्मृति में नारियल के दो पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर पौधों की नियमित देखरेख कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया गया।

राजकुमार दुबे ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष अपने पुत्र की स्मृति में विभिन्न विद्यालय परिसरों में पौधरोपण करते हैं। उनका उद्देश्य स्वर्गीय मलय दुबे की स्मृतियों को सहेजने के साथ-साथ समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अपने प्रियजनों की स्मृति में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प भी लें।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के प्रचार-प्रसार मंत्री नरोत्तम सिंह चौहान, पत्रकार सुमंत सिन्हा, पत्रकार अभिषेक सिंह, प्रधानपाठिका फूलबाई सिन्हा, शिक्षिका पुष्पा सिंह सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में राजकुमार दुबे ने प्राथमिक शाला, बालवाड़ी एवं आंगनबाड़ी के सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment