बीच सड़क पर भाजपा युवा नेता का जन्मदिन VIP रोड पर केक कटिंग और आतिशबाजी का वीडियो वायरल, पुलिस-प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

0
कांकेर। जिला मुख्यालय के कलेक्टरेट रोड पर भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी का जन्मदिन बीच सड़क पर मनाए जाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सड़क पर टेबल लगाकर केक काटते, आतिशबाजी करते और समर्थकों के साथ जश्न मनाते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात भाजपा युवा मोर्चा के शहर मंडल अध्यक्ष हर्शल गजबिए का जन्मदिन कलेक्टरेट रोड पर मनाया गया। यह वही VIP मार्ग है, जहां से प्रतिदिन जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी आवागमन करते हैं। वायरल वीडियो में सड़क पर टेबल लगाकर केक काटा गया, केक की कतार सजाई गई तथा देर रात तक आतिशबाजी कर जन्मदिन का जश्न मनाया गया। इस दौरान कई भाजपा पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि सार्वजनिक सड़क पर इस प्रकार कार्यक्रम आयोजित करने और यातायात बाधित करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार कोई आम नागरिक या ग्रामीण बीच सड़क पर जन्मदिन मनाता, तो पुलिस और यातायात विभाग तत्काल कार्रवाई करते। ऐसे में राजनीतिक पदाधिकारियों से जुड़े मामले में प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

शहरवासियों का यह भी कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार के आयोजन से यातायात प्रभावित होता है और सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ता है। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या कानून और नियम सभी के लिए समान हैं या फिर प्रभावशाली लोगों के लिए अलग व्यवस्था है।

हालांकि, इस मामले में पुलिस या जिला प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस एवं संबंधित विभाग कोई वैधानिक कार्रवाई करते हैं या यह मामला केवल सोशल मीडिया की चर्चा बनकर रह जाएगा।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

Post a Comment