डिप्टी रेंजर समेत चार लोग जंगल में जुआ खेलते गिरफ्तार, पुलिस ने 1.25 लाख की संपत्ति की जब्त
रानीडोंगरी के जंगल में चल रहा था जुए का फड़, नकदी, दो बाइक, दो मोबाइल और ताश के पत्ते बरामद
भानुप्रतापपुर/कांकेर जिले में जुआ-सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रानीडोंगरी के जंगल में संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से डिप्टी रेंजर एवं भानुप्रतापपुर काष्ठागार प्रभारी मनीष जैन सहित चार लोगों को कथित तौर पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रानीडोंगरी के जंगल में खेत के पास बनी एक लाड़ी में बिजली की रोशनी में कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके की घेराबंदी कर देर रात दबिश दी।
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलने की बात स्वीकार की। इसके बाद सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(1) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में डिप्टी रेंजर एवं भानुप्रतापपुर काष्ठागार प्रभारी मनीष जैन (61), ग्राम चीचगांव निवासी प्रकाश यादव (45), बसंतनगर निवासी राजकुमार साहू (42) तथा सेमरापारा निवासी अश्वन पटेल (34) शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुए के फड़ से 15,800 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं। जब्त सामग्री एवं वाहनों का कुल अनुमानित मूल्य 1 लाख 25 हजार 800 रुपये बताया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज, उप निरीक्षक प्रेम कुमार झा, प्रधान आरक्षक विजय कटकवार, रूपेश कुमार नरेटी तथा आरक्षक टोमन साहू, चैनसिंह शोरी, राजकुमार यादव एवं रघुवीर शोरी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा, ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ग्रामीण क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी भी बढ़ाई जा रही है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री या तस्करी, जुआ, सट्टा, ऑनलाइन सट्टेबाजी अथवा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125, डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाना में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें