जर्जर सड़क से परेशान स्कूली बच्चे पहुंचे महापौर के पास, जल्द मरम्मत का मिला आश्वासन

0
हटकेश्वर वार्ड में पाइपलाइन बिछाने के बाद करीब एक साल से खराब पड़ी सड़क, बच्चों ने बताई परेशानी; मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदर्शन की चेतावनी

धमतरी। शहर के हटकेश्वर वार्ड में जर्जर सड़क से परेशान स्कूली बच्चे सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे और महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई। बच्चों ने महापौर से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की। इस दौरान महापौर ने बच्चों की समस्याएं सुनीं और उन्हें चॉकलेट खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। महापौर ने अधिकारियों को सड़क की स्थिति का जायजा लेकर जल्द मरम्मत की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।

बताया गया कि हटकेश्वर वार्ड में पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब एक साल पहले सड़क की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की समुचित मरम्मत नहीं होने के कारण वर्तमान में सड़क जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

स्कूली बच्चों का कहना है कि वे रोजाना इसी जर्जर सड़क से होकर स्कूल जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विशेषकर बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ बस और ऑटो रिक्शा से आने-जाने वाले विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने सड़क की जल्द मरम्मत नहीं होने पर स्कूली बच्चों के साथ प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है।

स्थानीय निवासी कोमल संभाकर ने कहा कि बच्चों की मांग पूरी तरह जायज है। सड़क की खराब स्थिति के कारण लंबे समय से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर बच्चों के साथ नगर निगम पहुंचकर महापौर से सड़क की मरम्मत की मांग की गई है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्कूली बच्चों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा।

महापौर रामू रोहरा ने बताया कि हटकेश्वर वार्ड में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया, लेकिन सड़क की मरम्मत का कार्य संबंधित टेंडर में शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि यह कार्य पूर्व कार्यकाल के दौरान हुआ था, लेकिन वर्तमान में सड़क की समस्या का समाधान कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है।

महापौर ने अधिकारियों को सड़क मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर जल्द कार्य स्वीकृत कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रक्रिया पूरी कर लगभग दो महीने के भीतर सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी, ताकि स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें