*कोंडागांव माकड़ी ब्लॉक मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया विश्व आदिवासी दिवस, बड़ी संख्या में जुटा आदिवासी समाज*
कोंडागांव। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को कोंडागांव जिले के माकड़ी ब्लॉक मुख्यालय में आदिवासी समाज द्वारा कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।
विश्व आदिवासी दिवस को आदिवासी समुदाय की एकता, संगठन और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर समाज के लोगों ने अपने हक-अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज को संगठित और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पेन शक्तियों की स्थापना एवं सेवा-अर्जी के साथ हुई। इसके बाद क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे गायता, पुजारी, पटेल एवं समाज प्रमुखों को हल्दी, चावल और गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आदिवासी समाज को संगठित बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने समाज के हक-अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रूढी-परंपराओं, रीति-नीति एवं संस्कृति को संरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री लता उसेंडी भी विशेष रूप से शामिल हुईं। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों और वक्ताओं ने स्थानीय युवाओं के हित में भर्ती प्रक्रिया के अवसरों का विस्तार करने सहित विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री महेश नेताम ने की, जबकि मंच संचालन श्री शंभू नेताम ने किया। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के समाज प्रमुखों के साथ बड़ी संख्या में सगा समाज के लोग उपस्थित रहे।
विश्व आदिवासी दिवस के इस आयोजन ने आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक संगठन की भावना को मजबूती देने का संदेश दिया।

0 Comments
एक टिप्पणी भेजें