ऑनलाइन शॉपिंग एवं डिलीवरी संचालकों की बैठक लेकर कांकेर पुलिस ने दिए सख्त दिशा-निर्देश

0
संदिग्ध पार्सल और ऑर्डर की पहचान कर तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश, संवेदनशील वस्तुओं की डिलीवरी के दौरान ग्राहक की पहचान एवं मोबाइल नंबर सत्यापित करने की दी गई समझाइश

कांकेर। आपराधिक गतिविधियों में ऑनलाइन माध्यम के संभावित दुरुपयोग को रोकने, शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ऑनलाइन माध्यम से धारदार एवं प्रतिबंधित हथियारों की खरीद-बिक्री और डिलीवरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने थाना सिटी कोतवाली में ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों, डिलीवरी एजेंसियों एवं कूरियर संचालकों की विशेष समीक्षा एवं समझाइश बैठक आयोजित की। बैठक में संबंधित संचालकों एवं प्रतिनिधियों को संदिग्ध पार्सल और ऑर्डर की पहचान कर तत्काल पुलिस को सूचना देने सहित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कांकेर श्री जितेन्द्र साहू उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने डिलीवरी एवं कूरियर संचालकों को निर्देशित किया कि वे संदिग्ध पार्सल एवं ऑर्डर पर विशेष निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

पुलिस ने विशेष रूप से चाकू, छुरी, गुप्ती, बटनदार चाकू, एयरगन अथवा अन्य संदिग्ध एवं धारदार वस्तुओं से संबंधित पार्सल पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। यदि किसी पार्सल या ऑर्डर को लेकर संदेह हो तो मामले को नजरअंदाज न करते हुए तत्काल पुलिस को जानकारी देने की समझाइश दी गई।

इसके अलावा यदि किसी व्यक्ति द्वारा बार-बार अथवा बड़ी मात्रा में ऐसी संदिग्ध वस्तुओं का ऑर्डर किया जाता है, विशेषकर नाबालिगों अथवा संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त युवाओं द्वारा, तो इसकी जानकारी भी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि समय पर सूचना मिलने से संभावित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सकती है।

बैठक में संदिग्ध अथवा संवेदनशील वस्तुओं की डिलीवरी के दौरान प्राप्तकर्ता की पहचान एवं मोबाइल नंबर का उचित सत्यापन करने तथा आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि किसी आपराधिक घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार ऑनलाइन माध्यम से मंगाया जाना पाया जाता है और जांच के दौरान संबंधित डिलीवरी एजेंसी अथवा संचालक की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कांकेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत फ्लिपकार्ट, शैडोफैक्स, मीशो, एक्सप्रेसबीज़, अमेजन, डीटीडीसी सहित अन्य ऑनलाइन डिलीवरी एवं कूरियर सेवाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं समझाइश दी गई। बैठक में कृष्णा यादव, रोशन नेताम, संदीप यादव, मनोज यादव, डिकेश्वर साहू, कपिल वर्मा, सूरज कुंजाम, अब्दुल कादर सहित संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी, ऑनलाइन माध्यम से संदिग्ध वस्तुओं की खरीद-बिक्री, संदिग्ध पार्सल अथवा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

सूचना कांकेर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125, डायल 112 अथवा निकटतम पुलिस थाने में दी जा सकती है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कांकेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार सहित सभी प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें