नारी महानदी पुल हत्याकांड का खुलासा चावल कारोबार की रंजिश में हुई थी नीरज साहू की हत्या,आरोपी गिरफ्तार

0

धमतरी। धमतरी जिले के बहुचर्चित नारी महानदी पुल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि चावल कारोबार में प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते 27 वर्षीय नीरज साहू की हत्या की गई थी। मामले में 21 वर्षीय आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कैंची और पाना भी बरामद कर जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को कुरूद थाना क्षेत्र स्थित नारी महानदी पुल के मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। मृतक के गले और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि उसका बोलेरो पिकअप वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने पर थाना कुरूद में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर कुरूद थाना, मगरलोड थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल तथा एसडीओपी रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कई दिनों तक लगातार जांच की। इस दौरान सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया।

जांच के दौरान पुलिस संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंची। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह और मृतक दोनों चावल के व्यवसाय से जुड़े थे। नीरज साहू का कारोबार बेहतर चलने और अधिक आय होने के कारण वह उससे ईर्ष्या और रंजिश रखने लगा था। इसी द्वेष के चलते उसने सुनसान स्थान पर नारी महानदी पुल के पास नीरज साहू पर कैंची और पाना से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दोनों हथियार बरामद कर जब्त कर लिए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी बिरेंद्र कुमार साहू (21 वर्ष), पिता कन्हैयालाल साहू, निवासी ग्राम सांकरा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि गंभीर एवं सनसनीखेज अपराधों के खुलासे में वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों का प्रभावी उपयोग करते हुए अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share this article

Show comments
Hide comments

0 Comments

एक टिप्पणी भेजें